Sunday, June 9, 2013


मन्दिरों को तोडने के विरुद्ध आन्दोलन का शंखनाद
हिंदू धर्मस्थल सुरक्षा समिति के गठन की घोषणा
नई दिल्ली, जून 09,13। दिल्ली सरकार की धार्मिक कमेटी द्वारा मन्दिरों, गुरुद्वारों व अन्य हिंदू धर्मस्थलों को तोड़े जाने सबन्धी दिल्ली उच्च न्यायालय को की गई संस्तुति के विरोध में हिंदू संगठनों का गुस्सा आज सातवें आसमान पर था। विश्व हिन्दू परिषद दिल्ली द्वारा बुलाई गयी बैठक में मंदिरों की रक्षार्थ एक संयुक्त समिति की घोषणा भी की गयी। राजधानी के सभी धार्मिक, सामाजिक एव सांस्कृतिक संगठनों के प्रमुखों की उपस्थिति में विहिप दिल्ली के अध्यक्ष श्री स्वदेश पाल गुप्ता ने श्री बृजमोहन सेठी की अध्यक्षता में हिंदू धर्मस्थल सुरक्षा समिति के गठन की घोषणा की। समिति के नवनियुक्त महामंत्री व हिंदू महासभा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश कौशिक तथा विहिप प्रांत मंत्री व समिति के संयोजक श्री रामपाल सिंह यादव ने वरिष्ठ संतों के समक्ष संकल्प व्यक्त किया कि राजधानी दिल्ली के किसी एक मंदिर की ईंट को भी हिलाने का दुस्साहस सरकार ने किया तो हम दिल्ली के तख्तो-ताज को भी उखाड़ फ़ेंकेंगे।
 बैठक की विस्तृत जानकारी देते हुए विहिप दिल्ली के मीडिया प्रमुख श्री विनोद बंसल ने बताया कि दिल्ली सरकार की धार्मिक कमेटी द्वारा दर्जनों हिंदू धर्मस्थलों को तोड़े जाने की संस्तुति के विरुद्ध दक्षिणी दिल्ली के रामकृष्ण पुरम स्थित विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय में बुलाई गयी बैठक में आज संत समुदाय ने भी अपने ओजस्वी व्यक्तव्य द्वारा दिल्ली सरकार को होश में आने की अपील की। मंदिरों के उचित प्रबंधन, उन्हें कानूनी व अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता के साथ उनकी रक्षार्थ हिंदू संगठनों का एक संयुक्त बोर्ड बनाये जाने का सुझाव भी आया। अंत में मंदिर विध्वंसकों से लोहा लेने के लिये हिंदू धर्म स्थल सुरक्षा समिति का गठन किया गया। इसकी कोर कमेटी की पहली बैठक कल सायं 6 बजे पहाड़गंज स्थित उदासीनआश्रम में रखी गयी है। इस बैठक में समिति के संरक्षक महंत नवल किशोरदास, कार्यकारी अध्यक्ष सरदार उजागर सिंह, श्री जय भगवान गोयल, श्री रजनीश गोयन्का तथा अधिवक्ता एस डी बिंदलेश सहित सभी पदाधिकारी भाग लेंगे।   
 बैठक में तय किया गया कि मामला दिल्ली उच्चन्यायालय के विचाराधीन होने के कारण वरिष्ठ अधिवक्ताओं की एक टोली इसके कानूनी पक्ष पर विचार कर कार्यवाही करेगी। दूसरी ओर दिल्ली सरकार व संबंधित विभागों को अपना ज्ञापन देने समिति के प्रतिनिधि जायेंगे साथ ही यदि सरकार बाज़ नहीं आयी तो दिल्ली के कोने कोने से हिंदू धर्मावलम्बियों का हुजूम उमड़ेगा। वैठक में अखिल भारतीय मन्दिर प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, राष्ट्रवादी शिव सेना के अध्यक्ष जय भगवान गोयल, सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा के भूषण लाल पाराशर, सांस्कृतिक गौरव संस्थान के विनोद चौपडा, राष्ट्रीय चेतना मंच के मोती लाल गुप्ता,ओम सांई बाबा, विहिप प्रान्त उपाध्यक्ष दीपक कुमार,संदीप आहुजा, हिन्दू सेना के विष्णु गुप्ता सहित अनेक संस्थाओं व धर्म स्थलों के प्रमुख उपस्थित थे।



-- 
 
धन्यवाद
विनोद बंसल
मीडिया प्रमुख
विश्व हिन्दू परिषद इन्द्रप्रस्थ 
संपर्क: 9810949109
अणु डाक:ivhpmedia@gmail.com

No comments:

Post a Comment

Competitiveness, climate, security Finn’s priorities Ministry of Finance release Finnish road map of EU presidency. Finland i...